मिर्जापुर। जनगणना-2027 के प्रथम चरण, मकान सूचीकरण व मकानों की गणना के अंतर्गत स्वगणना बृहस्पतिवार से 21 मई के बीच की जानी है। इस कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया।
विधायक मड़िहान रमाशंकर पटेल, विधायक मझवां शुचिस्मिता मौर्या, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, अपर आयुक्त, विन्ध्याचल मण्डल, अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) देवेन्द्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) विजेता, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी ने स्वगणना पोर्टल पर पंजीयन कर विवरण दर्ज किया। इसके अतिरिक्त कलेक्ट्रेट तथा समस्त तहसीलों व अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वगणना की। इसके पूर्व जिले में बृहस्पतिवार से शुरु हुए ऑनलाइन स्वगणना कार्य का रात में एसडीएम सदर गुलाबचंद्र ने निरीक्षण किया। तहसील सदर सहित अन्य सहयोगियों के कार्य का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने सदर तहसील के कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण किया। इसी प्रकार तहसील रोड पर वार्ड संख्या 19 शुक्लहा में रात में स्वगणना में लगे फील्ड ट्रेनर व लेखपाल कृष्णचंद्र व अनिल शुक्ल के कार्यों का निरीक्षण किया। उनके मोबाइल पर ऑनलाइन कार्य को देखा। एसडीएम सदर ने बताया कि क्षेत्र में 50 से अधिक फील्ड ट्रेनर नागरिकों व ग्रामीणों के स्वगणना में सहयोग कर रहे हैं। यदि किसी को कोई समस्या आती है तो वह इन फील्ड ट्रेनर या अपने क्षेत्र के लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, पूर्ति निरीक्षक, खंड शिक्षाधिकारी, प्रधानाध्यापक व सीडीपीओ आदि से संपर्क कर सहयोग प्राप्त कर सकते हैं। पड़री : उत्तर प्रदेश जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के तहत स्व गणना की प्रक्रिया शासन के निर्देश पर 21 मई 2026 तक चलेगी। यह जानकारी देते हुए सहायक विकास अधिकारी पंचायत कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि इसके लिए पंचायत सहायक,पंचायत सचिवों को लोगों को स्व गणना करने तथा सीखने के लिए ट्रेनिंग दी गई है।
जनगणना बैठक का सभासदों ने किया बहिष्कार
कछवां। आदर्श नगर पंचायत कार्यालय में शुक्रवार को जनगणना को लेकर आयोजित बैठक का सभासदों ने बहिष्कार कर दिया। सभासदों ने अधिशासी अधिकारी को संबोधित ज्ञापन कार्यालय में सौंपते हुए बैठक में शामिल होने से इन्कार कर दिया। सभासदों द्वारा दिए गए पत्रक में कहा गया कि नगर पंचायत में चल रहे आमरण अनशन और अधिशासी अधिकारी के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शन के समर्थन में सभी सभासद एकजुट हैं। इसी कारण जनगणना के संबंध में आयोजित बैठक का सामूहिक रूप से बहिष्कार किया गया है। सभासदों का कहना है कि जब नगर पंचायत के अधिकांश जनप्रतिनिधि धरने पर बैठे हुए हैं, ऐसे में बैठक आयोजित करना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि जनगणना बैठक को फिलहाल स्थगित किया जाए तथा पहले नगर की समस्याओं और चल रहे विवाद का समाधान कराया जाए। वहीं सभासदों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत में लंबे समय से जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा की जा रही है, जिससे आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इस दौरान सभासदों में नेहा चौबे, ज्योति चौरसिया, मैनब बानो, मुन्नी देवी, अरशद जमाल, राजेश कुमार, शेखर उपाध्याय आदि मौजूद रहे।