मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को अपर जिलाधिकारी शिवप्रताप शुक्ल ने स्टांप विक्रेताओं के साथ बैठक कर ई- स्टैंपिंग व्यवस्था की समीक्षा की।
जिले में कुल 40 स्टांप विक्रेताओं को लाइसेंस दिया गया है। इसमें से 33 कार्यरत हैं। इसके अलावा तीन बैंक सेंट्रल बैंक, पंजाब नेशनल बैंक एवं इंडियन बैंक को भी ई-स्टैंपिंग व्यवस्था के लिए अधिकृत किया गया हैं। इसके अलावा मुख्यालय स्तर पर भी ई- स्टैंपिंग व्यवस्था है। अपर जिलाधिकारी ने प्रबंधक लीड बैंक को निर्देशित किया कि तहसीलों में भी जो बैंक तहसील के नजदीक हैं, उसमें ई- स्टेंपिंग बिक्री व्यवस्था मुहैया करायें। अपर जिलाधिकारी ने कोषाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि स्टांप प्राप्त करने के बारे में लोगों के बीच जागरूकता कम है। वृहद स्तर पर जन जागरूकता के लिये विभिन्न माध्यमों से प्रचार प्रसार कराया जाए। बैठक में आईजी स्टांप, कोषाधिकारी, सब रजिस्ट्रार एवं जिले के मुख्यालय सहित सभी तहसील के लाइसेंसधारी स्टांप विक्रेता उपस्थित रहे।