लालगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को नेशनल हेल्थ सिस्टम रिसोर्स सेंटर की टीम ने निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों अस्पताल में जरूरी संसाधन नहीं होने पर चिंता जताई। साथ ही सीएमओ को डायलिसिस यूनिट, ईसीजी, अल्ट्रासाउंड और डिजिटल एक्स-रे की सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीम के प्रमुख डॉ. रंजन चौधरी ने कहा कि 12-चैनल ईसीजी, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीन होना जरूरी उन्होंने सीएमओ डॉ. सीएल वर्मा को निर्देश दिया कि अस्पताल में इन सुविधाओं की व्यवस्था जल्द सुनिश्चित कराएं।
टीम में शामिल डॉ. कपिल जोशी, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. अंकुर पूनिया, राष्ट्रीय पर्यवेक्षक आरबीएसके की एस इंदू और वर्तिका ने सुविधाओं की जांच की। औषधि वितरण, डिलीवरी कक्ष, एक्स-रे जांच आदि की स्थिति देखी।
विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. योगेश द्विवेदी से डायलिसिस और अल्ट्रासाउंड सेवाओं पर चर्चा की।
अधीक्षक डॉ. संजय सिंह को निर्देश दिया गया कि जरूरी दवाओं की सूची तैयार कर दो महीने का भंडारण सुनिश्चित करें। टीम ने अस्पताल में एक सर्जन, नेत्र सहायक और अतिरिक्त चिकित्सकों की नियुक्ति जरूरी बताई। इस दौरान दंत डॉ. प्रतिभा सिंह, डॉ. एसपी सिंह, डॉ. अशोक यादव आदि थे।