मुरादाबाद कचहरी में दिनदहाड़े हुई हत्या को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक ने मंगलवार से कोर्ट में असलहा ले जाने पर रोक लगा दी है। उन्होंने अधिवक्ताओं से इसमें सहयोग करते हुए कहा कि शस्त्र लेकर आने वाले लोगाें की सूचना दें जिससे उन पर पाबंदी लगाते हुए किसी भी घटना को रोका जा सके। इसके पूर्व डीआईजी ने पुलिस लाइन, बैंक का भी निरीक्षण कर कमी मिलने पर कर्मियाें को फटकार लगाई।
डीआईजी शिवसागर सिंह मंगलवार की सुबह पुलिस लाइन का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। भोजनालाय, आवास, शास्त्रागार, रिकार्ड रूम समेत अन्य स्थानाें को देखा। परिसर को साफ सुथरा रखने के लिए कहा। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण करते हुए कचहरी परिसर पहुंचे। पूरे परिसर को चेक करते हुए शस्त्र लेकर कचहरी परिसर में घुसने वाले लोगाें को बाहर ही रोकने का निर्देश दिया।
उन्होंने कुछ बैंकाें का निरीक्षण कर बाहर भी सीसी टीवी कैमरा लगाने को कहा, ताकि भागते समय बदमाश किसी ओर और कौन से वाहन से जा रहा है इसके बारे में पता लग सके। इस दौरान एसपी नगर अजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल डा. एमपी सिंह, प्रवीण यादव, सर्वजीत शाही, राजनाथ, ओम प्रकाश, राममोहन राय, सुनील दत्त दूबे उपस्थित रहे।