शहरनामा की फोटो- सरैया कमरघटा में आयोजित ग्राम चौपाल में मौजूद ग्रामीण।-सोशल मीडिया।
मिर्जापुर। 12 विकास खंड के 24 ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें पेयजल, आवास और राशन की समस्याओं को ग्रामीणों ने उठाया। सभी ब्लाॅकों से कुल 48 शिकायतें आई। इनमें से 46 का निस्तारण हुआ। सिटी, ब्लाक क्षेत्र के कुरकठिया पांडेय में एडीओ पंचायत डॉ. अनुप कुमार दुबे ने शिकायतें सुनीं। ग्रामीणों ने रास्ते को बनवाने की मांग की। हर घर नल जल योजना के तहत शुद्ध पेयजल नहीं मिलने की शिकायत की। धर्मचंद्र ने बताया कि गांव में मुख्य रास्ते से प्रवेश करने के लिए एक ही मार्ग है जो क्षतिग्रस्त है। लोहंदी खुर्द गांव में ग्रामीणों ने आवास, पेंशन, शौचालय, राशन आदि की मांग की उठाई।
पड़री, जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार ने पहाड़ी ब्लाक क्षेत्र के सरैया कमरघटा में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। चौपाल में बिजली निगम, राजस्व विभाग के कर्मचरियों के न आने से ग्रामीण मायूस रहे। ग्रामीणों ने कहा कि जगह-जगह पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त है। सिंधोरा में बीडीओ बबिता सिंह ने समस्याएं सुनीं। यहां चार प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। सुबाष ने हैंडपंप की मरम्मत, चांसीलाल व शंकर लाल ने परिवार रजिस्टर की नकल तथा लक्ष्मीना देवी ने आवास की मांग की। हलिया, भटवारी एडीओ एजी नरेंद्र कानापुरिया व ग्राम प्रधान राजेश मौर्य व सचिव कौशलेन्द्र राय ने समस्याओ को सुना। मतवार में एडीओ पंचायत रूपेश श्रीवास्तव, सचिव शैलेंद्र, प्रधान लालबहादुर पाल ने समस्याएं सुनीं। जिगना, छानने ब्लाॅक के ग्राम पंचायत नदिनी व शिवपुर में चौपाल लगी। नदिनी में नोडल अधिकारी अरुण कुमार मिश्रा जिला समन्वयक चाइल्ड हेल्पलाइन व जगदीश सोनकर ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। संदीप कुमार ने महोबा बस्ती संपर्क मार्ग बनवाने, संजू देवी व सुमन देवी ने आवास, चंद्रावती ने वृद्धा पेंशन की मांग की। शिवपुर में उपायुक्त एनआरएसएम रमाशंकर सिंह ने समस्याएं सुनीं। जमालपुर, जलालपुर में बीडीओ डॉ. रक्षिता सिंह ने शिकायतें सुनीं। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, सफाई, आवास के मुद्दे उठाए।