मिर्जापुर। पथरहिया स्थित विकास भवन के ऑडिटोरियम में सोमवार को बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, खंड शिक्षाधिकारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही टैबलेट का वितरण किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट व जिले के प्रभारी मंत्री नंदगोपाल नंदी ने कहा कि शिक्षा से समाज में सुसंस्कृत चेतना होगी। इससे देश, प्रदेश और जिले का विकास होगा। इस अवसर पर लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों का विकास व पठन पाठन बेहतर हुआ है। निजी विद्यालयों की तुलना में हमारे स्कूल के बच्चे अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रभारी मंत्री ने थर्ड पार्टी असेसमेंट में निपुण हुए कुल 753 स्कूलों में से उत्कृष्ट 33 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों तथा स्मार्ट क्लास के संचालन के लिए 15 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र दिया। साथ ही आईसीटी लैब की स्थापना व क्रियान्वयन के लिए शिक्षकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। 26 स्कूलों को टैबलेट दिया गया। पांच खंड शिक्षा अधिकारियों को सम्मानित किया गया। इसके पूर्व बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने पीपीटी के माध्यम से योजनाओं की प्रगति का लेखाजोखा प्रस्तुत किया।
इस दौरान राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली, एमएलसी श्याम नरायण सिंह, विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, विधायक मझवां शुचिस्मिता मौर्या, विधायक छानबे रिंकी कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, धनंजय पांडेय, डीएम प्रियंका निरंजन, सीडीओ विशाल कुमार, सभी बीईओ, सभी डीसी व अन्य मौजूद थे।
मनमानी फीस लेने वालों पर जल्द कसेगा शिकंजा
मिर्जापुर। प्रदेश के कैबिनेट व जिला के प्रभारी मंत्री नंदगोपाल नंदी ने कहा है कि मनमानी फीस लेने वाले निजी विद्यालयों पर जल्द शिकंजा कसेगा। इस पर विचार हो रहा है। वह सोमवार को पथरहिया स्थित विकास भवन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों की इस कारगुजारी की सरकार को जानकारी है। जल्द इस पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालय सुविधा संपन्न हो रहे हैं। इसमें विद्यार्थियों की संख्या बढ़ रही है। जब सरकारी विद्यालय आत्मनिर्भर हो जाएंगे तो इस समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। निजी विद्यालयों में एनसीईआरटी की पुस्तकें नहीं चलने के सवाल पर कहा कि इसकी जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि भारतीय सेना विश्व में सर्वश्रेष्ठ है। ऑपरेशन सिंदूर में उसने अपना लोहा मनवाया है।