मिर्जापुर। अमृत भारत योजना के तहत मिर्जापुर जिले के तीन रेलवे स्टेशनों पर नए सिरे से संवारने का काम चल रहा है। इसमें विंध्याचल, मिर्जापुर और चुनार रेलवे स्टेशन का कायाकल्प करने की तैयारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 फरवरी को मिर्जापुर और चुनार रेलवे स्टेशन के कायाकल्प के लिए वर्चुअल शिलान्यास करेंगे।
अमृत भारत योजना के तहत जिले के तीन रेलवे स्टेशन का कायाकल्प कराया जा रहा है। इसमें विंध्याचल, मिर्जापुर और चुनार रेलवे स्टेशन शामिल हैं। विंध्याचल रेलवे स्टेशन का काम 27 करोड़ से होना है। मिर्जापुर और चुनार रेलवे स्टेशन का काम लगभग 20 करोड़ की लागत से होना है। अगस्त 2023 में प्रधानमंत्री ने प्रथम फेज में देश के कई रेल स्टेशनों के साथ विंध्याचल रेलवे स्टेशन का शिलान्यास किया था। इसके बाद से तीनों रेलवे स्टेशनों पर निर्माण कार्य जारी है। सोमवार को शिलान्यास के दूसरे चरण के तहत 26 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 554 रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। इसमें जिले के मिर्जापुर रेलवे स्टेशन और चुनार रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं। मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल तथा बाकी जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है। जिसमें मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर वेटिंग हाल और बाकी सुविधाएं बेहतर की जा रही हैं। मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर ओम लिखा रहेगा।