शेरवां। जमालपुर थाना क्षेत्र के गोगहरा गांव में मंगलवार की शाम को प्रधान और पूर्व प्रधान चुनावी चर्चा के दौरन भिड़ गए। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल पूर्व प्रधान को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
क्षेत्र के प्रधान रविशरण गुप्ता व पूर्व प्रधान भोगी बियार मंगलवार की शाम को चैनपुरा नहर पर बैठ कर चुनावी चर्चा कर रहे थे। बात बढ़ते बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गई। मारपीट में दोनों लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसमें पूर्व प्रधान भोगी बियार को गंभीर चोट लगने के कारण वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ग्राम प्रधान का कहना है कि भोगी शराब के नशे में धुत होकर मोटरसाइकिल से सड़क पर गिरा। जिससे उसे चोट आई। ग्राम प्रधान ने भोगी, दद्दू , रामरतन के खिलाफ जमालपुर थाने में मारपीट की तहरीर दी है। दूसरे पक्ष ने भी तहरीर दी है। थानाध्यक्ष विजय कुमार सरोज ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।