भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने मिर्जापुर में बरौंधा कछार स्थित भाजपा कार्यालय में आज प्रेसवार्ता की। नगर निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने कहा- हमने दिसंबर में ही सारी तैयारी कर ली थी। समाजवादी पार्टी के षड़्यंत्र के कारण मामला न्यायालय में चला गया।आयोग की तरफ से रिपोर्ट आ जाएगी। उम्मीद है कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह में चुनाव हो सकता है। उमेश पाल हत्याकांड मामले से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं दुखद हैं।
जिन परिस्थितियों में उमेश पाल की हत्या हुई वह पीड़ा देने वाली है। परिवार के साथ पूरी संवेदना है और हम साथ खड़े हैं। जिस तरह इस घटना को अंजाम दिया गया इसमें माफिया तंत्र दिखाई देता है। जो भी लोग इसमें संलिप्त है उनके खिलाफ ऐसी कठोरतम कार्रवाई की जाएगी जो नजीर बनेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान का हवाला देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने जैसा पहले कहा है कि ये सारे अपराधी, माफिया ये सब समाजवाती पार्टी की सरकारों के समय का पाप हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी
- फोटो : अमर उजाला
उन्हीं के समय में ये संरक्षण प्राप्त करके ताकतवर बने। जो माफिया हैं उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई हो रही है। कार्रवाई आगे बढ़ रही है। विकास कार्यों से जुड़े सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास सबके विश्वास के साथ सत्ता में आई। हमारी सरकारें वायदे के आधार पर काम कर रही हैं।कार्यकारीणी के गठन के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने संगठन के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ाया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल बढ़ने का मतलब सभी का काल खंड बढ़ा है। वार्ड अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक सभी का कार्यकाल बढ़ा। नगर निकाय के पहले संगठन का आंशिक पुनर्गठन करेंगे जिसके आधार पर खाली पदों को भरेंगे। त्योहारों पर सिलिंडर देने के सवाल पर कहा कि बजट में इसकी व्यवस्था की गई है। विकास से जुड़े मुद्दे पर कहा कि हमारी सरकार बिजली, पानी, सड़क, बुनियादी सुविधाओं पर बेहतर कार्य कर रही है। महंगाई अंतरराष्ट्रीय विषय है। देश सुरक्षित जोन में है इस पर चिंता करने की जरूरत नहीं है। इससे पूर्व उन्होंने बताया कि पहली बार मिर्जापुर आया हूं।
विंध्याचल माता के चरणों में प्रणाम करके भाजपा के संगठनात्मक कार्यों को लेकर बैठक करूंगा। इसमें संगठनात्मक गतिविधि, कार्यक्रम, अभियान, इत्यादि की समीक्षा करूंगा। लोकसभा चुनाव, नगर निकाय चुनाव में क्या करना है इन विषयों पर अलग- अलग बैठक होगी। इस दौरान विधायक रत्नाकर मिश्र, रमाशंकर सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष भाजपा बृजभूषण सिंह, एमएलसी विनीत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया मौजूद रहे।