विन्ध्याचल । राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के विंध्याचल आगमन को लेकर संपूर्ण विंध्य क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। 14 मार्च को 12:50 पर राष्ट्रपति पत्नी सविता कोविंद एवं पुत्री स्वाति के साथ अष्टभुजा हेलीपैड पर सेना के हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे।
अष्टभुजा पहाड़ी पर चार हेलीपैड बनाए गए हैं। साथ ही हेलीपैड से लेकर मां विंध्यवासिनी मंदिर तक बैरिकेडिंग कर लोहे की जाली लगाई गई है। अष्टभुजा हेलीपैड से मां विंध्यवासिनी मंदिर तक सड़कों के बीच में पड़ने वाले रास्तों में बैरियर लगाकर पुलिस की तैनाती की गई है। राष्ट्रपति डाक बंगले से निकलने के बाद कार से मंदिर पहुंचेंगे। शनिवार की दोपहर जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार एवं पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने विंध्य क्षेत्र का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी डीएम एवं एसपी ने हेलीपैड, डाक बंगला, माँ विंध्यवासिनी मंदिर सहित राष्ट्रपति के रुकने वाले कमरे का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने मां विंध्यवासिनी मंदिर के चारो तरफ अच्छी सफाई के लिए निर्देशित किया। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी अधिकारियों को अपने अपने प्वाइंट पर रहने को कहा।