मिर्जापुर। शासन की प्रमुखता वाली विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उक्त बातें बुधवार को सिटी ब्लाक कार्यालय में सचिवों व ग्राम प्रधानों संग हुई बैठक में खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार मिश्र ने कही। विकास खंड में चयनित प्रधानमंत्री आदर्श गांव के विकास के लिए खंड विकास अधिकारी ने संबंधित सचिवों को तीन दिन के भीतर कार्य योजना तैयार कर रिपोर्ट ब्लाक पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बीडीओ ने बताया प्रधानमंत्री आदर्श गांव के विकास के लिए शासन की ओर से 20 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। इस धन से गांव में प्रकाश व्यवस्था, आंतरिक रोड को मुख्य मार्ग से जोड़ने, पेयजल के लिए प्रमुखता से कार्य कराए जाएंगे। प्रधानमंत्री आदर्श गांव के लिए चपउरकला, नौहां, बेदौली, कतरन, पड़रा हनुमान, अर्जुनपुर का इंदरपुर, सरैया, रानीबारी, मझिगवां, राजापुर, सिउरा, चिंदलिख, ककराही, पड़रा मौनस, पड़करा कंगाल आदि गांव चयनित किए गए हैं। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश दुबे, जिला दिव्यांजन अधिकारी राजेश कुमार सोनकर, एडीओ एसके सुरेंद्र कुमार बिंद, चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, कौशलेंद्र राय, अंकित तिवारी, लल्लूराम भारतीय, तरुण भारतीय ग्राम पंचायत एवं विकास अधिकारी मौजूद रहे।