राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के 14 मार्च के संभावित आगमन को लेकर विंध्याचल एवं देवरहा हंस बाबा आश्रम में तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा। सुरक्षा की दृष्टि से 12 से 14 मार्च तक विंध्याचल में किसी यात्री को होटल में ठहरने की इजाजत नहीं होगी। बृहस्पतिवार को सुरक्षा बलों की जगह - जगह तैनाती कर दी गई है।
गुरुवार को मां विंध्यवासिनी मंदिर, देवरहा हंस बाबा आश्रम सहित कई अन्य सड़कों से लेकर चौराहों तक बेरिकेडिंग की जा रही थी। राष्ट्रपति के कार्यक्रम के चलते अष्टभुजा डाक बंगले के पास चार हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। हेलीपैड से लेकर मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर से लगायात देवरहा हंस बाबा आश्रम तक सड़कों के किनारे सफाई कराई जा रही है।
इन रास्तों से राष्ट्रपति कार से गुजरेंगे। विंध्याचल पुलिस की ओर से सभी होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशाला व यात्री निवासों को नोटिस जारी कर 12 से 14 मार्च तक अपने यहां यात्रियों को ठहरने के लिए कमरा न देने का निर्देश दिया गया है।