चुनार। नरायनपुर ब्लाक सभागार में सोमवार को प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक हुई। इसमें प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने मनरेगा में अनियमितता का आरोप लगाते हुए काफी हंगामा किया। बीडीओ नरायनपुर संजय श्रीवास्तव ने ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को समझाया और कहा कि नरायनपुर ब्लाक में जितने भी क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। सभी को मनरेगा के तहत काम दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जो भी क्षेत्र पंचायत सदस्य काम कराना चाहते हैं, उन्हें काम दिया जाएगा। बताया गया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार करने के लिए बैंक द्वारा बहुत कम ब्याज पर ऋण दिया जाएगा। विधवा, विकलांग एवं वृद्धा पेंशन के लिए जितने भी पात्र हैं, उन सभी का आनलाइन पंजीकरण करवाकर लाभ दिलवाने का काम कराएं। बालिकाओं के कल्याण के लिए कन्या सुमंगला योजना का अधिक से अधिक लाभ दिलायें। बैठक के दौरान ममोलापुर के क्षेत्र पंचायत सदस्य ओम प्रकाश ने फर्जी जाबकार्ड पर नरेगा में कार्य दिखाकर श्रमिक का भुगतान कराने का आरोप लगाया। इस दौरान ब्लाक प्रमुख नरायनपुर चन्द्रप्रकाश सिंह, अध्यक्ष प्रधान संघ नरायनपुर रमापति सिंह, विजय सिंह, गुड्डू अहमद, मुकेश कुमार सिंह, डॉ. विनोद कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।