मिर्जापुर। सदर तहसील क्षेत्र के रायपुर पोख्ता में आबादी की भूमि बिना किसी आदेश के किसी एक व्यक्ति के नाम कर दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। रायपुर पोख्ता गांव में आबादी की 8 बीघा जमीन पिछले कुछ वर्षों से बिना किसी आदेश के एक व्यक्ति के नाम कर दी गई है। इसे लेकर ग्रामीणों में रोष है। क्योंकि इसी आठ बीघे जमीन पर पूरा गांव बसा है।
इस संबंध में भुवनेश्वर प्रसाद शुक्ला व गांव के अन्य लोगों ने समस्त साक्ष्य सहित प्रार्थना पत्र उप जिलाधिकारी एवं जिला अधिकारी देकर शिकायत की है। सुनवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र को जनसुनवाई पोर्टल पर डाला है। इसमें राजस्व निरीक्षक ने समस्त पेपर की जांच की। अभिलेख में त्रुटि सुधार किया जाना चाहिए। किंतु प्रार्थी को सक्षम न्यायालय में जाकर अनुतोष प्राप्त करना चाहिए इस बात की नसीहत देते हुए रिपोर्ट लगाकर तथा इस पर सभी ऊपर के अधिकारी ने हस्ताक्षर करके मामले को ज्यों का त्यों छोड़ दिया।
इस बाबत तहसीलदार सदर सुनील कुमार का कहना है कि मामला तहसील प्रशासन के संज्ञान में है। एसडीएम सदर के निर्देश पर इसकी जांच पड़ताल कराई जा रही है। इसमें जो भी दोषी होगा उसे किसी कीमत पर बख्सा नहीं जाएगा। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाएंगे।