सीखड़। बिहार के हिस्ट्रीशीटर समेत तीन की गोली मारकर हत्या कर शव को वाराणसी-मिर्जापुर बार्डर पर चुनार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नंदूपुर गांव के पास सड़क किनारे फेंके जाने मामले की पड़ताल करने के लिए पुलिस टीम बिहार पहुंच गई है। पुलिस बिहार पहुंच कर वहां की पुलिस की मदद से नामजद हत्यारोपितों की तलाश में जुट गई है। इधर, राजकुमार और ओम के परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव ले गए। पिंटू कुमार का शव पोस्टमार्टम हाउस में रखा है। उसके परिजन मंगलवार को शव लेने के लिए बिहार से रवाना हुए थे।
मिर्जापुर-वाराणसी बार्डर पर रविवार की भोर सड़क किनारे खून से लथपथ तीन शव मिले थे। इसमें एक की शिनाख्त 40 वर्षीय पिंटू कुमार पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी अमरी तालाब करवरिया जनपद सासाराम के रूप में हुई। जो बिहार का हिस्ट्रीशीटर है। उसके ऊपर हत्या समेत कई मुकदमें दर्ज है। दूसरा शव 35 वर्षीय राजकुमार उर्फ पिंटू यादव पुत्र घुघली यादव और तीसरा ओम कुमार पुत्र जमीदार साव निवासी जमुआ थाना गोरारी जिला रोहतास के रुप में हुई। राजकुमार पिंटू के स्कार्पियों का चालक था और ओम राजकुमार का साथी था। दो नामजद आरोपितों पर मुकदमा दर्ज होने के बाद एसपी के निर्देश पर सीओ चुनार सुशील कुमार यादव और कोतवाल चुनार गोपालजी गुप्ता के नेतृत्व में सोमवार को बिहार के लिए रवाना हुई टीम पहुंचने के बाद मंगलवार को छानबीन शुरू किया। स्थानीय पुलिस के सहयोग से हत्यारोपितों की तलाश में जुटी रही। पिंटू कुमार का पोस्टमार्टम होने के बाद उसका शव लेने के लिए उसके परिजन बिहार से रवाना हुए है। मंगलवार की शाम तक वाराणसी पहुंचे थे।