अदलहाट। क्षेत्र के कठडीहा माफी गांव में रविवार को देर शाम दुकानदारों से अवैध वसूली व मारपीट करने वाले होमगार्ड को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना क्षेत्र के रामपुर भुइली गांव निवासी संतोष कुमार यादव होमगार्ड है, वाराणसी के रामनगर थाने पर है। रविवार को अपनी बाइक से कठडीहा माफी गांव में पहुंच कर लाकडाउन का हवाला देकर खाकी का रौब जमाते हुए चार दुकानदारों से पांच-पांच सौ रुपये अवैध रूप से वसूल कर गांव के बाहर आया। इसके बाद दो युवकों पर वर्दी का धौंस जमाने लगा। इसी बीच होमगार्ड व युवकों में मारपीट होने लगी। घटना को देखकर ग्रामीणों ने 112 पर इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी ने दुकानदारों से वसूले गए रुपये होमगार्ड से वापस कराने के बाद उसे थाने ले आई। पुलिस ने होमगार्ड को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि वसूली करने वाले होमगार्ड को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।