हलिया। थाना क्षेत्र के बड़ौहा गांव में बीते दिनों आम के पेड़ पर युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में लटकते मिले शव के मामले में पुलिस उसके फोन के काल डिटेल की जांच कर रही है। पुलिस ने युवती के रिश्ते में लगने वाले मामा के पुत्र को थाने में बुलाकर पूछताछ की है। दरअसल, युवती का शव उसके मामा के गांव क्षेत्र में ही मिला है।
युवती के मोबाइल फोन की काल डिटेल की जांच करने पर उसके मामा के पुत्र से बात होने की जानकारी मिली है। बड़ौहा गांव में बीते 17 मई को सुबह आम के पेड़ की डाल पर दुपट्टे के सहारे बंधे फंदे पर एक युवती का लटकता हुआ शव मिला था। उसकी शिनाख्त उसके रिश्ते में लगने वाले मामा ने ही की थी, जो बड़ौहा गांव का निवासी है। युवती का शव गांव के सड़क मार्ग पर किनारे पेड़ पर लटकता मिला था। युवती की शिनाख्त सिंगरौली जिले के गढ़वा थाने के कमरोहा गांव निवासी राजकली के रूप में की गई थी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने युवती के मोबाइल फोन के काल डिटेल की छानबीन की। पुलिस उसके रिश्ते मेें लगने वाले मामा के पुत्र को थाने में बुलाकर पूछताछ की। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि युवती के मामा के पुत्र द्वारा फोन करने पर ही अपने घर से वहां आई थी। मामा के घर से डेढ़ किमी दूर पेड़ पर शव कैसे लटका, इसकी जांच की जा रही है। पूछताछ के बाद पुलिस जल्द मामले का खुलासा कर सकती है। थानाध्यक्ष विष्णु प्रभा सिंह ने बताया कि युवती के काल डिटेल के आधार पर उसके मामा के पुत्र से पूछताछ की जा रही है।