छानबे ब्लाॅक क्षेत्र के गोपालपुर में प्रदेश का प्लास्टिक वेस्ट मैनेमेंट यूनिट की स्थापना होगी। 53 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यूनिट में 809 ग्राम पंचायत के अलावा नगर पंचायत कछवां, नगर पालिका मिर्जापुर, नगर पालिका चुनार व नगर पालिका अहरौरा से एकत्रित प्लास्टिक से दाने तैयार किए जाएंगे। बुधवार को जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार, डीसी एसबीएम विनोद कुमार श्रीवास्तव ने निरीक्षण कर तैयार हो रहे यूनिट का संयुक्त रुप से जायजा लिया। डीपीआरओ ने पाया कि यूनिट में शेड लगाने आदि का कार्य चल रहा है। डीपीआरओ ने 15 दिन के अंदर कार्य पूरा करने के लिए प्रभारी एडीओ पंचायत छानबे को निर्देश किया। जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार ने बताया छानबे के गोपालपुर में तैयार हो रहे प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट में शीघ्र ही मशीनें स्थापित की जाएंगी। उन्होंने बताया मशीन के लिए ऑर्डर दे दिया गया है। डीसी एसबीएम विनोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया उक्त यूनिट से 809 ग्राम पंचायत के अलावा नगर पंचायत कछवां और तीन नगर पालिका को भी प्लास्टिक मुक्त बनाया जाएगा। उन्होने बताया कि यहां सभी क्षेत्रों से प्लास्टिक एकत्रित कर उसके दानें तैयार किए जाएंगे। तथा इससे होने वाली आय से संबंधित ग्राम पंचायत और नगर पालिका व नगर पंचायत को जहां लाभाविंत किया जाएगा वहीं पूरे जनपद को पूरी तरह से प्लास्टिक मुक्त किया जाएगा। डीसी एमबीएम ने बताया प्लास्टिक से जहां प्रदूषण को नियंत्रित किया जाएगा वहीं भूमि को उसर बनने से रोका जाएगा।