अहरौरा। अयोध्या में निर्माणाधीन श्रीराम मंदिर में अहरौरा के गुलाबी पत्थरों का प्रयोग किया जाना है। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने सोमवार को अहरौरा पहुंचकर पत्थर की पहली खेप को लेकर अयोध्या जा रहे ट्रक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिलाधिकारी ने बताया कि अयोध्या में निर्माण में मिर्जापुर के पत्थर लगेंगे। चुनार में पत्थर का काम करने वाली एलएनटी कंपनी को पत्थर आपूर्ति की जिम्मेदारी मंदिर निर्माण समिति ने दी है।
उन्होंने बताया कि 16 वर्ग फीट के करीब 18 से 19 हजार पत्थर अयोध्या भेजने का काम प्रारंभ हो गया है।सोमवार को पहली खेप लेकर ट्रक रवाना हुआ। चार फीट लंबाई दो फीट चौड़ाई तथा दो फीट ऊँचाई के आकार के पत्थर तराशे गए हैं। बताया कि मंदिर निर्माण में लग रहे इन पत्थरों से यहां के कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। सात से आठ माह में आर्डर प्राप्त समस्त पत्थरों की आपूर्ति कर दी जाएगी। कार्यक्रम को जिलाधिकारी ने दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया गया। इसके बाद भगवान श्रीराम व भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति पर माल्यार्पण कर शिला पूजन किया। इस अवसर पर एलएनटी के प्रोजेक्ट मैनेजर बृजेश सिंह के द्वारा जिलाधिकारी को अंगवस्त्रम व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार चुनार अरुण कुमार गिरी, ओम प्रकाश सिंह, छोटन सिंह, गोपाल दास गुप्ता, अभिनव सिंह, चंदन श्रीवास्तव, विशाल सिंह, मनोज सोमपुरी, अर्जुन सिंह उपस्थित रहे तथा फणींद्र श्रीवास्तव के द्वारा कार्यक्रम का संचालन किया गया।