स जिला पंचायत सभागार में बृहस्पतिवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया कि परीक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा के लिए जिले को पांच सेक्टरों में बांटा गया है। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को परीक्षा के दौरान चालू रखने का निर्देश दिया। ताकि परीक्षा के दौरान निगरानी की जा सके।
जिले में 15 व 16 अक्टूबर को दो पालियों में 15 केंद्रों पर प्रारंभिक अर्हता परीक्षा होगी। इसमें लगभग 26242 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसी तरह से दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक होगी।
जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि जिले में निर्धारित परीक्षा केंद्रों को पांच सेक्टरों में विभाजित करते हुए उपजिलाधिकारी सदर चंद्रभानु सिंह, चुनार नीरज पटेल, लालगंज विजय नारायण सिंह, मड़िहान अश्वनी कुमार सिंह व अपर उप जिला मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ यादव को सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आगाह किया कि पारदर्शी व नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर गलत अफवाह फैलाने वालों की भी निगरानी की जा रही है। यदि किसी की तरफ से सोशल मीडिया पर गलत अफवाह फैलाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी। बैठक के दौरान उन्होंने केंद्र प्रभारियों को महिला अभ्यर्थियों की तलाशी के लिये केबिन बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों के अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगा दी गयी हैं। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रवेश एवं सीटिंग के अलावा पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर लेने की हिदायत दी। उन्होंने केंद्रों पर लगाये गये सभी सीसीटीवी कैमरे अनवरत चालू हालत में रखे जाने की भी हिदायत दी।
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक श्रीकांत प्रजापति ने बताया कि कोषागार से प्रश्नपत्र ले जाने के दौरान संबंधित मजिस्ट्रेट के साथ और सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। केंद्रों के अलावा रोडवेज, रेलवे स्टेशनों पर भी पुलिस की तैनाती की गयी हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी नही होने दी जायेगी। बैठक में प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रधानाचार्य जीआईसी के अलावा सभी केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।