मिर्जापुर। आलू भंडारण की समस्या से जूझ रहे किसानों को प्रदेश सरकार ने राहत देने की पहल की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में निजी शीतगृहों में रखे गए आलू के भंडारण शुल्क पर किसानों को सरकार की तरफ से प्रति क्विंटल 100 रुपये का अनुदान दिया जाएगा। एक किसान अधिकतम 200 क्विंटल यानी 400 पैकेट आलू पर लाभ ले सकेगा। किसान को अधिकतम 20 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी। जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने यह जानकारी दी। बताया कि अनुदान का लाभ लेने के लिए किसानों को कृषक ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होगा। पंजीकरण के दौरान किसानों को भंडारण, निकासी, भुगतान एवं गेट पास की रसीद, आधार, बैंक पासबुक और खतौनी की छायाप्रति ऑनलाइन अपलोड करनी होगी। अनुदान की राशि किसानों के बैंक खाते में सीधे भेजी जाएगी।