मिर्जापुर। शहर में बिजली कटौती की समस्या गंभीर हो गई है। सोमवार की रात बिजली कटौती से नाराज लोगों ने पेहटी के चौराहे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया।
बीते सोमवार को फाल्ट के चलते बिजली कट गई थी। शाम को संविदा कर्मी उसे बनाने लगे। उसी दौरान बिजली आपूर्ति शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि उस दौरान संविदाकर्मी झुलस गया। इसके बाद संविदाकार और संविदाकर्मी के बीच विवाद हो गया और संविदाकर्मी काम छोड़कर चले गए। जब बिजली नहीं आई तो नागरिकों ने कुछ देर तक इंतजार किया और उसके बाद रात में ही पेहटी के चौराहे पर जाम लगा दिया। इसके बाद पुलिस पहुंची। उस दौरान विद्युत निगम के अधिकारियों से बात हुई। पुलिस ने लोगों को समझा कर जाम समाप्त कराया। इसके बाद करीब एक बजे रात में बिजली आपूर्ति शुरू हुई। उसमें भी सुबह तक आठ से दस घरों में बिजली नहीं आ सकी थी।
उधर, बिजली कटौती की समस्या पूरे शहर में है। वासलीगंज में रविवार की रात कई बार बिजली आई और गई। किसी प्रकार से लोगों ने रात काटी। इसी प्रकार नगर के घुरहूपट्टी-जोगियाबारी मार्ग तथा आसपास के इलाकों में दिन में बिजली काट दी गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति एक सप्ताह से है। दिन हो अथवा रात, बिजली कभी भी चली जाती है। जब विभाग के अधिकारियों से लोग दूरभाष पर पूछते हैं तो पहले तो फोन नहीं उठता है और यदि उठ भी जाता है तो जवाब मिलता है कि मरम्मत का काम हो रहा है। इसलिए बिजली काटी जा रही है। लोगों का कहना है कि 30 अप्रैल तक मरम्मत कार्य के लिए कटौती की सूचना दी गई थी, लेकिन उसके बाद भी लगातार बिजली काटी जा रही है। एकाध घंटे की कटौती हो तो कोई बात हो, लेकिन दिन-दिन भर बिजली काट दी जाती है तो वे परेशान हो जाते हैं। कई घंटे तक कटौती के कारण इन्वर्टर भी जवाब दे जाता है। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता रामदास का कहना है कि कोई फाल्ट होगा, इसलिए कटौती हो रही होगी। इसको दिखवाया जाएगा।