कछवा । विद्युत उप केंद्र से शहर से लेकर ग्रामीण इलाके तक अघोषित बिजली कटौती से लोग बेहाल हैं। उमस भरी गर्मी में बिजली की कटौती से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार व बुधवार को दिनभर बिजली के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। आधी रात तक शहर में बिजली की कटौती होने से लोग देर रात तक छतों व सड़कों पर टहलते रहे।
इस उमस भरी गर्मी में सबसे अधिक छोटे बच्चे व बुजुर्ग परेशान रहे। एक ओर शासन ने गाईड लाईन जारी कर कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे व नगर क्षेत्र में 22 घंटे बिजली सप्लाई होनी चाहिए लेकिन अधिकारियों के द्वारा जनता में अलग रवैया है। एक ओर जहां तेज धूप व गर्मी का दौर जारी है, तो वहीं दूसरी ओर नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित विद्युत कटौती के चलते लोगों का जीना दूभर हो गया है। सुबह से ही बिजली की आंख मिचौली शुरू हो जाती है, जो दिन भर चलती रहती है। रात के समय में भी लाइट की कटौती से नगर वासियों की नींद हराम हो रही है। जबकि शासन का दावा 24 घंटे बिजली आपूर्ति करने का है। यदि कोई विभागीय अधिकारियों को फोन कर जानकारी मांग रहे तो अधिकारी सीधे मुंह बात भी नहीं कर रहे हैं। इतना ही नहीं कुछ ऐसे भी अधिकारी हैं जो फोन तक नहीं उठाते। ऐसे में लोगों का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। शाम होते ही लोगों को कुछ क्षण अंधेरा में ही गुजारना पड़ा। जिसे लेकर उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हुई।
अहरौरा। विद्युत चोरी चेकिंग अभियान के तहत अहरौरा, अदलहाट, जमालपुर क्षेत्र में बुधवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। एसडीओ ईश्वर शरण सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान बकायेदारों की विद्युत भुगतान न होने के चलते काट दी गई तथा बकायेदारों से विद्युत बिल की वसूली भी की गयी।चेकिंग अभियान के दौरान पूर्व में काटी गई बिजली कनेक्शन का बिना भुगतान किए पुन: जोड़ कर प्रयोग करने के आरोप में 13 लोगों के विरुद्ध 138(बी) मे तथा तीन लोगों के विरुद्ध बिना कनेक्शन के विद्युत उपभोग करने के मामले में धारा 135 मे एफ आई आर पंजीकृत कराया गया है। जिससे विद्युत चोरी पर लगाम लग सके। जानकारी एसडीओ ईश्वर शरण सिंह ने दी है। टीम में राकेश कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह (अवर अभियंता), विनोद कुमार, अनूप कुमार, विकास कुमार सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।