अदालहाट। स्थानीय थाना क्षेत्र के घरवासपुर गांव में स्थापित हनुमान मंदिर के पास मंदिर के नाम आवंटित जमीन पर मनबढ़ो ने अवैध कब्जा जमा रखा है। जिसको लेकर गांव में विवाद की स्थिति बनी हुई है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर मंदिर की जमीन को खाली कराने की गुहार लगायी है। करीब नौ दशक पहले घरवासपुर गांव में हनुमान जी की भक्त शिवराम सिंह दरोगा की पत्नी लगन देई ने 1932 में मानव कल्याण के लिए हनुमान मंदिर का निर्माण कराया था। जिसके नाम से आज भी जिला मुख्यालय अभिलेखागार में पांच विश्वा जमीन दर्ज है। लेकिन गांव के ही कुछ मनबढ़ किस्म के लोग मंदिर की खाली पड़ी जमीन पर साग-सब्जी उगाकर अपना कब्जा जमा लिया है। जबकि ग्रामीण पिछले कई वर्षों से हुए अतिक्रमण को खाली कराने की मांग को लेकर शासन- प्रशासन से गुहार लगाते रहे हैं। धर्मेंद्र कुमार, महेंद्र सिंह, हर्ष राय, पारस यादव आदि ने जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है।