पुलिस अधीक्षक दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस लाइन में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी में पुलिस महानिदेशक द्वारा दिए गए निर्देश को पढ़कर उसका पालन नहीं करने पर एसपी ने कछवां थानाध्यक्ष चंद्रमौली त्रिपाठी को लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही अहरौरा थानाध्यक्ष समेत समस्त थाना प्रभारियाें को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया गया कि उच्चाधिकारियों के आदेशों का अनुपालन किया जाए।
अधिकारी ने कर्मचारियों की समस्याओं को सुनकर उसके निदान का निर्देश दिया। इसके बाद अपराध गोष्ठी की समीक्षा करते हुए कहा कि अपराधों का सही पंजीकरण करते हुए अपराधियों के विरुद्ध निडर होकर कार्रवाई करें। किसी भी घटना हत्या, डकैती के संबंध में उच्चाधिकारियों द्वारा मांगी गई सूचना को समय से भेजा जाए।
अपराधियों का वेरिफिकेशन प्रत्येक दशा में कर लें, पासपोर्ट को प्रत्येक दशा में समय से भेज दें। एसपी ने कछवां, कटरा, जिगना और अहरौरा में पासपोर्ट लंबित रहने पर फटकार लगाई। शिकायत प्रकोष्ठ के प्रार्थना पत्र में कटरा, विंध्याचल, चील्ह, कछवां, देहात, पड़री, लालगंज, हलिया, जिगना, चुनार, अहरौरा, अदलहाट, मड़िहान, में लंबित पाए जाने पर फटकार लगाई।
उन्होंने जुआ, शराब, गांजा, हेरोइन, नकबजनी पर रोक लगाने का निर्देश दिया। अहरौरा व चुनार थाना प्रभारियों को वैरिफिकेशन लंबित रखने पर, निरोधात्कम कार्रवाई न कर पाने पर जिगना, लालगंज व हलिया थानाप्रभारी को फटकार के साथ चेतावनी दी। बलात्कार के अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया।