मिर्जापुर। मेडिकल काॅलेज के अधीन मंडलीय अस्पताल में अब मरीजों को जल्दी ही सीटी स्कैन की सुविधा मिलने लगेगी। अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन आ गई है। उसे अस्पताल में लगाने का काम किया जा रहा है। कुछ दिन में ही सीटी स्कैन की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
मंडलीय अस्पताल में सीटी स्कैन नहीं होने के कारण मरीजों को समस्या होती थी। मरीजों को बाहर निजी डायग्नोस्टिक सेंटर में जाकर सीटी स्कैन करानी पड़ती है। जहां लगभग दो हजार रुपये के करीब खर्चा होता है। इससे भी बड़ी समस्या यह थी कि इमरजेंसी में तैनात डाॅक्टर किसी भी मरीज को सीटी स्कैन कराने के लिए कह देते थे। सीटी स्कैन कराने में डाॅक्टर का भी कमीशन होता था। इसलिए डाॅक्टर मनमाना सीटी स्कैन लिखने लगे थे। इसकी जानकारी होने पर मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. आरबी कमल ने फटकार भी लगाई थी। अब अस्पताल में ही सीटी स्कैन लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंडलीय अस्पताल के प्रबंधक अनुज ठाकुर ने बताया कि सीटी स्कैन के लिए कमरा बनकर तैयार हो गया है। पांच करोड़ रुपये की लागत की सीटी स्कैन मशीन भी आ गई है। उसे लगाया जा रहा है। एक-दो सप्ताह में मरीजों को अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा मिलने लगेगी। एसआईसी डाॅ. तरुण सिंह ने बताया कि सीटी स्कैन मशीन आ गई है। जल्दी ही सीटी स्कैन तथा एक और डिजिटल एक्सरे की सुविधा शुरू की जाएगी।