मिर्जापुर। बिरोही स्टेशन पर चोपन पैसेंजर के बिना प्लेटफॉर्म के रुकने का वीडियो वायरल हो रहा है। ट्रेन का निर्धारित ठहराव प्लेटफॉर्म -1 पर है, लेकिन वहां मालगाड़ी खड़ी होने से पैसेंजर ट्रेन दूसरी पटरी पर रोकी गई।
इससे यात्रियों को ट्रेन से उतरने में परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह सात बजे अप लाइन पर चल रही चुनार-चोपन पैसेंजर प्रयागराज की ओर जा रही थी। बिरोही स्टेशन पर ट्रेन प्लेटफॉर्म-1 के बजाय दूसरी पटरी पर रुकी। एक ओर मालगाड़ी खड़ी थी, जबकि दूसरी ओर रेलवे की पटरियां थीं।
विज्ञापन
ऐसे में यात्रियों को ट्रेन से उतरकर बाहर जाने में दिक्कत हुई। कई यात्रियों ने रेलवे की पटरी से होकर बाहर जाने का प्रयास किया, जबकि कुछ यात्री मालगाड़ी के डिब्बों के नीचे से होकर निकले। इससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि मालगाड़ी में कार्य चल रहा था, इसलिए उसे प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर रोका गया था। दूसरी कोई ट्रेन नहीं आ रही थी। इसकी पुष्टि करने के बाद ही पैसेंजर ट्रेन को वहां रोका गया। सुरक्षा संबंधी कोई समस्या नहीं थी।