मिर्जापुर। रेलवे स्टेशन मिर्जापुर के प्लेटफार्म नंबर एक पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय गिरने से युवक का पैर पहिए के नीचे आ गया। इस हादसे में यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। आरपीएफ के जवान उसे बाहर निकालकर उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल लेकर आए। जहां से यात्री को ट्रामा सेंटर ले जाया गया। ट्रामा सेेंटर में सोमवार को रात में ही डाॅक्टरों की टीम ने सफल ऑपरेशन किया। ट्रामा सेंटर खुलने के बाद यह पहला बड़ा ऑपरेशन था। जिसमें त्वरित कदम उठाते हुए गंभीर रूप से घायल यात्री की जान बचाई गई।जौनपुर जिले के मड़ियाहूं गांव निवासी मनोज कुमार (35) पुत्र पतिराज गौड़ अपने परिवार के सदस्यों व अन्य लोगों के साथ मैहर देवी दर्शन करने गए थे। उनके साथ लगभग 22 लाेग थे। सोमवार की रात ट्रेन मिर्जापुर रेलवे स्टेेशन पर पहुंची तो मनोज चिप्स और पानी की बोतल लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतरे। वे चिप्स और पानी का बोतल लेकर ट्रेन पर चढ़ने जा रहे थे कि ट्रेन चल दी। इसी बीच ट्रेन की रफ्तार बढ़ गई और चढ़ते समय पैर फिसलने से उनके दोनों पैर ट्रेन की पहिए की चपेट में आ गए।
आरपीएफ की टीम उसे मंडलीय अस्पताल लाई। जहां से उसे परिसर के ट्रामा सेंटर ले जाया गया। वहां रात में ही अस्थि रोग विशेषज्ञ डाॅ. राजकुमार ने डाॅ. प्रतीक पाठक, डाॅ. रामकृत, डाॅ. शिवाशीष, डाॅ. समीर ने पैर काटकर अलग कर सफल ऑपरेशन किया। मंगलवार को मेडिकल कालेज के प्राचार्य डाॅ. आरबी कमल ने सफल ऑपरेशन करने वाली टीम व घायल से मिले। प्राचार्य ने बताया कि युवक को दो यूनिट नि:शुल्क रक्त भी उपलब्ध कराया गया। सफल ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई गई।