मिर्जापुर। लालडिग्गी स्थित नगर पालिका के सभागार में 15 मार्च को सभी 38 वार्डों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक वार्ड से तीन-तीन महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। महिला सप्ताह के तहत स्वयं सहायता समूह अथवा नगर में किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसमें महिला सफाईकर्मी भी हो सकती हैं। यह जानकारी देते हुए स्वच्छ भारत मिशन के जिला प्रबंधक संजय सिंह ने बताया कि इसी प्रकार नवरात्र शुरू होते ही 22 मार्च से नवदेवी सम्मान किया जाएगा। इसमें विभिन्न वर्गों में जिला, मंडल व राज्य स्तर पर भी महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। यह कार्य जिले के प्रत्येक निकाय में होगा। जिले में तीन नगर पालिका, मिर्जापुर, चुनार व अहरौरा हैं। इसके अलावा कछवां नगर पंचायत है। इन सभी जगहों पर महिलाओं का सम्मान होगा।