त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिले के 12 ब्लाकों में 44 जिला पंचायत सदस्य और 1092 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के प्रत्याशियों के लिए रविवार से मतगणना आरंभ हुई। देर शाम तक समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1092 पदों में से 223 पदों के विजयी प्रत्याशियों की घोषणा संबंधित चुनाव अधिकारी द्वारा की जा चुकी थी।
इनमें से 11 क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। जबकि शेष के लिए मतगणना चल रही थी। वहीं जिला पंचायत सदस्य पद के 44 पदों में से एक भी पद के विजयी प्रत्याशी की घोषणा नहीं हो सकी थी। जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशियों का परिणाम सोमवार को शाम तक आने की संभावना है। वहीं मतगणना केंद्रों पर जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवारों के समर्थक परिणाम जानने के लिए भारी हुजूम उमड़ पड़ा।
मतगणना रविवार को प्रात: आठ बजे से लगभग डेढ़ घंटे विलंब से आरंभ हुई। जिले के 12 स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना एक साथ जारी है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतगणना की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। मतगणना के दौरान केंद्र पर समर्थकों को हुजूम लगा रहा।
सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी समर्थकों को नियंत्रित करने में हलकान रहे। पालीटेक्निक परिसर में सिटी ब्लाक की मतगणना के दौरान एक सपा नेता ने होमगार्ड के साथ हाथापाई कर ली। नगर मजिस्ट्रेट आनंद कुमार, सीओ श्वेता श्रीवास्तव और एसओ सुनील दत्त दूबे ने समझा कर मामले को शांत किया। साथ ही होमगार्ड को ड्यूटी से हटा दिया। वहीं समाचार लिखे जाने तक जिला पंचायत सदस्यों के पदों का स्पष्ट रूझान नहीं मिल सका था। कभी कोई प्रत्याशी आगे चल रहा था तो कहीं कोई प्रत्याशी आगे।