कैलहट। चुनार कोतवाली क्षेत्र के कैलहट पेट्रोल पंप के पास सोमवार की सुबह सब्जी बेचकर घर जाते समय गिट्टी लदी ट्रेलर ने साइकिल सवार को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेलर चालक कुछ दूर आगे गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने पर आस-पास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। डीबीएल कंपनी द्वारा मुआवजा देने और शासन से आर्थिक मदद के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया।
क्षेत्र के नकहरा निवासी 50 वर्षीय त्रिभुवन सिंह पुत्र सभापति सोमवार की सुबह साइकिल से टमाटर बेचने के लिए कैलहट सब्जी मंडी आया था। सब्जी बेचकर घर जाते समय वह कैलहट पेट्रोल पंप के पास पहुंचा था कि चुनार की ओर से गिट्टी लादकर आ रही ट्रेलर ओवरटेक करने के चक्कर में साइकिल सवार किसान त्रिभुवन को कुचल दिया।
इससे उनकी घटना स्थल पर मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों के द्वारा शव को सड़क पर रख कर जाम लगा दिया। मौके पर चुनार, अदलहाट थाने की पुलिस के साथ सीओ चुनार सुशील कुमार, तहसील दार अरुण गिरि मौके पर पहुुंचकर जाम सामप्त करने के लिए ग्रामीणों से कहा। ग्रामीणों की मांग थी कि डीबीएल कम्पनी के अधिकारी को बुला कर मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाया जाए। दो घंटे बाद मृतक के परिनो को किसान बीमा का लाभ और डीबीएल कम्पनी के द्वारा 50 हजार की आर्थिक मदद के आश्वासन पर लोगों ने जाम समाप्त किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रेलर चालक गाड़ी को आगे छोड़कर भाग गया था। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया। मृतक को दो पुत्री नेहा 22 वर्ष और राधा 18 वर्ष व एक पुत्र नेहरू सिंह 20 वर्ष है।