गड़बड़ा धाम में मां शीतला के दर्शन पूजन के लिए कतारबद्ध श्रद्धालु।-सोशल मीडिया।
-नव दंपतियों ने मांगा सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद
हलिया। जेष्ठ मास शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर सोमवार को गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर में मंगला आरती से ही मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की कतारें लग गईं। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने अलग-अलग कतारों में खड़े होकर मां शीतला का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। पुजारी मंगलधारी ने बताया कि सोमवार को करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां शीतला के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
नव दंपतियों ने मां के चरणों में शीश नवाकर सुखी वैवाहिक जीवन, दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं ने रोग निवारण और घर-परिवार में सुख-शांति बनाए रखने के लिए भी मां से प्रार्थना की। माता के दर्शन के लिए मिर्जापुर सहित दूरदराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गड़बड़ा धाम पहुंचे।
मंदिर परिसर में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की खासी मौजूदगी रही। मंदिर के आसपास प्रसाद, पूजन सामग्री, शृंगार और गृह उपयोगी सामान की दुकानों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही।