अदलहाट। स्थानीय थाना क्षेत्र के गोठौरा गांव में पंचायत भवन को तोड़कर सामुदायिक शौचालय बनाये जाने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को प्राथमिक विद्यालय पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी चुनार को शिकायती पत्र दिया था। इसके बावजूद कोई सुनवाई न होने पर ग्रामीण न सिर्फ प्रदर्शन किया बल्कि शासन प्रशासन के विरोध में नारे लगाए।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत में स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में पंचायत भवन बना हुआ है। ग्राम प्रधान की ओर से पंचायत भवन को तोड़कर उसके स्थान पर सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों के आरोप हैं कि ग्राम प्रधान द्वारा पंचायत भवन में लगे गाटर, पटिया व ईंट को उखड़वाकर उठावा ले गए। ग्रामीणो का कहना है कि प्राथमिक विद्यालय के पास शंकर जी का प्राचीन मंदिर, कुंआ है। पंचायत भवन ग्रामीणों शादी, विवाह तथा अन्य कार्यक्रम के दौरान उपयोग किया जाता रहा। ग्रामीणों ने सामुदायिक शौचालय का निर्माण अन्यंत्र कराए जाने व पंचायत भवन तोड़कर अपने निजी कार्य में इस्तेमाल किए जाने जांचकर उसकी रिकवरी किए जाने की मांग की। इस संबंध में ग्राम प्रधान महेंद्र यादव का कहना है कि पंचायत भवन अति जर्जर हो गया था। जिसकी जानकारी खंड विकास अधिकारी दे दी गई थी। प्रदर्शन करने वालों में पवन कुमार यादव, परमशीला , मूरत, सियाराम, कुमारी, संतोष कुमार, बनारसी , छोटे लाल , राकेश आदि रहे।