मिर्जापुर। प्रदेश के कैबिनेट व जिले के प्रभारी मंत्री नंदगोपाल नंदी ने कहा है कि राम के नाम से ही विपक्ष के पेट में दर्द हो रहा है। अस्सलाम वालेकुम होता तो कोई समस्या न होती। वे सोमवार को लोहिया तालाब स्थित एक विद्यालय में विबी जी रामजी योजना के बारे में पत्रकारों को जानकारी दे रहे थे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सदैव ही श्रमिकों का सम्मान किया है। कई कार्यक्रम कर उनका अभिनंदन किया है और उनके ऊपर पुष्पवर्षा भी की है। मनरेगा में कुछ खामियां थी, जिसके कारण यह विकसित भारत गारंटी फाॅर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण योजना शुरू की गई। लेकिन शाॅर्ट में इसे विबी जीरामजी बोलने से ही विपक्ष के पेट में दर्द होने लगा क्योंकि इसमें राम का नाम आ रहा है। इसीलिए वह हो हल्ला मचा रहे हैं। इस योजना में कई अधिक लाभ श्रमिकाें को दिया गया है। सौ दिन की जगह 125 दिन का रोजगार दिया जा रहा है। सात दिनों के अंदर भुगतान की गारंटी दी जा रही है नहीं तो ब्याज सहित भुगतान करना पड़ेगा। इसके बाद भी विपक्ष शोर मचा रहा है। कैबिनेट मंत्री ने योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य, छानबे विधायक रिंकी कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, जिला प्रभारी सरोज कुशवाहा, नगर पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, पिछड़ावर्ग के जिलाध्यक्ष रामकुमार विश्वकर्मा आदि थे।