विंध्याचल। शारदीय नवरात्र मेला के तीसरे दिन विंध्य महोत्सव का आगाज हुआ। महोत्सव नवमी तक चलेगा। महोत्सव में गायिका व पद्मश्री मालिनी अवस्थी के मंच पर आते ही श्रद्धालुओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। वहीं मालिनी अवस्थी ने भी मां विंध्यवासिनी दरबार में हाजिरी लगाने का अवसर देने के लिए सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत सर्व मंगल मांगल्ये से की। फिर पट खोलो, पट खोलो भवानी पट खोलो, आई हूं तुम्हरी द्वार...सुनाया। इसके बाद तोहरे शरण में आई हे जगदम्बे मैया सुनाई। निमिया के डार डालेली झुलनवा... और मोर महारानी, विंध्याचल की रानी गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्ता संरक्षण एवं बांट माप आशीष पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बिरहा व लोकगीत गायक शिव लाल यादव ने मां विंध्यवासिनी के लिए माई कजली कज्जला देवी मिर्जापुर में लिहलीं अवतार... सुनाई। कजरी गायक उर्मिला श्रीवास्तव ने भी जय अम्बे, जय दुर्गे जगदम्बे भवानी, मिर्जापुर के कईल गुलजार हो, कचौड़ी गली सुन कईल बलमू...आदि गीत भी सुनाई।