मिर्जापुर। राष्ट्रीय राजमार्ग सात की सड़क के दोनों तरफ खुला नाला पशुओं के लिए मौत का कुंआ बन रहा है। शनिवार को इसी नाले में गिरकर एक सांड़ फंस गया। लोगों ने नगरपालिका की जेसीबी मंगवाकर घंटों मेहनत के बाद उसे बाहर निकाला।
इस राजमार्ग पर बथुआ के पास शनिवार की सुबह एक सांड़ गिर गया। काफी देर के प्रयास के बाद वह निकल नहीं सका तो चिल्लाने लगा। इस पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पहले तो लोगों ने अपने तौर पर प्रयास किया लेकिन जब सफलता नहीं मिली तो नगर पालिकाध्यक्ष मनोज जायसवाल को सूचित किया गया। नपाध्यक्ष ने एक जेसीबी मौके पर भेज दी। भाजपा नेता नितिन विश्वकर्मा के नेतृत्व में रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया गया। लोगों ने भी पूरी मेहनत की और फिर किसी प्रकार सांड़ को उस गड्ढे से बाहर निकाला जा सका। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने नाला खोदवा कर ऐसे ही छोड़ दिया है। जब तक इसको बनवाकर ढंका नहीं जाएगा। ऐसे ही दुर्घटना होती रहेगी। रोज ही कोई न कोई पशु इसमें गिरता रहता है।
इनसेट
अनुमति न मिलने से नपा नहीं बनवा पा रही नाला
मिर्जापुर। राजमार्ग सात पर प्राधिकरण की ओर से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। वहां पर नगरपालिका कार्य नहीं करा सकती है। नगरपालिका प्रशासन का कहना है कि उसने प्राधिकरण से अनुमति मांगी है लेकिन अनुमति नहीं मिली। यदि अनुमति मिल जाती है तो वह नाला का निर्माण कराने का प्रयास करेगी। यह समस्या कई वर्षों से बनी हुई है।