जिले में वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा व उत्थान महाभियान (पीएम कुसुम योजना) के तहत किसानों को अनुदान पर सोलर पंप उपलब्ध कराया जाएगा। सोलर पंप के लिए बुधवार से शुरू हुई बुकिंग 15 दिसंबर तक चलेगी।
कृषि विभाग किसानों को 60 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप उपलब्ध कराएगा। इसके किसानों को जनसेवा केंद्र से बुकिंग कर टोकन मनी जमा करना है। इसके लिए किसानों को कृषि विभाग की वेबसाइट https: //agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। जनसेवा केंद्र से आवदेन करते समय टोकन का पांच हजार रुपये लगेगा। किसान उसका प्रिंट आउट अपने पास रखेंगे। किसानों का चयन पारदर्शी तरीके से ई-लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।
किसानों को खुद करानी होगी बोरिंग : दो एचपी के लिए चार इंच, तीन एवं पांच एचपी के लिए छह इंच और 7.5 और दस एचपी के लिए आठ इंच का बोरिंग होना अनिवार्य है।
वहीं 22 फीट तक की गहराई पर उपलब्ध जल स्तर के लिए दो एचपी सर्फेस सोलर पंप, 50 फीट तक गहराई पर के लिए दो एचपी सबमर्सिबल, 150 फीट की गहराई पर तीन एचपी और 200 फीट की गहराई पर पांच एचपी, जबकि 300 फीट की गहराई पर 7.5 और 10 एचपी के सोलर पंप लगाए जा सकते हैं। बोरिंग के लिए विभाग की ओर से किसानों को कोई धनराशि नहीं दी जाएगी। संवाद