मिर्जापुर। जिला विद्यालय निरीक्षक राज कुमार दीक्षित ने विद्यालयों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के सख्त निर्देश दिए हैं। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की दैनिक उपस्थिति वेब पोर्टल या मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज करनी होगी। निर्देशों का पालन न करने वाले विद्यालयों 109 शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
दीक्षित ने बुधवार को यह निर्देश जारी किए। यह आदेश जनपद के राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और स्ववित्त पोषित सभी विद्यालयों पर लागू होंगे। अधिकारियों ने पाया है कि कई विद्यालयों में अभी भी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं की जा रही है। इसे परिषद कार्यालय और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के निर्देशों की अवहेलना माना गया है। शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्रवाई के कड़े निर्देश
राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों को चेतावनी दी गई है। यदि सितंबर माह की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं की जाती है, तो उनका वेतन रोक दिया जाएगा। स्ववित्त पोषित विद्यालयों के संबंध में सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश प्रयागराज को सूचित किया जाएगा। परिषद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करेगा। इस पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी संबंधित प्रधानाचार्य की होगी।
-