वाराणसी में सात जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में जिले के प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थी भी जाएंगे। उनको वहां प्रधानमंत्री प्रमाणपत्र वितरित कर सकते हैं। फिलहाल इसके लिए एक हजार लाभार्थियों की सूची तैयार की गई है।
वाराणसी में होने वाले इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सभी विकास खंड कार्यालयों में समारोह पूर्वक किया जाएगा। इसके साथ ही विकास खंड वार सभी पात्र लाभार्थियों को भी जनप्रतिनिधि आवास के प्रमाणपत्र का वितरण करेंगे। जिला विकास अधिकारी श्रवण कुमार राय ने बताया कि इसके लिए तैयारियां चल रही हैं।
वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के नोडल अधिकारी परियोजना निदेशक अनय मिश्र ने बताया कि कुल नौ हजार लाभार्थियों को आवास का प्रमाणपत्र वितरित किया जाना है। इसमें वे एक हजार लाभार्थी भी शामिल हैं जो वाराणसी जाएंगे। विकास खंड में आयोजित कार्यक्रम में पहले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा।
उसके बाद वहां उपस्थित जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लाभार्थियों को आवास का प्रमाणपत्र वितरित किया जाएगा। इसके लिए जिला ग्रामीण विकास अभिकरण कार्यालय में युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। वहीं संबंधित लाभार्थी भी इस बात से उत्साहित हैं कि उनको प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर प्राप्त होने की संभावना है। फिलहाल विभाग में तैयारियां चल रही हैं।