चुनार। स्थानीय थाना क्षेत्र के जमुई स्थित अंडर ग्राउंड रेलवे पुलिया के ऊपर से सोमवार को सुबह रेलवे लाइन पार करते समय एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चचेरी मोड़ ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन उसे ट्रामा सेंटर ले गए। जहां इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। क्षेत्र के जमुहार निवासी लालबहादुर साहनी (51) सोमवार को सुबह लगभग साढ़े आठ बजे घर से चुनार बाजार जाने के लिए निकले थे। जमुई में अंडर ग्राउंड पुलिया का निर्माण कार्य चलने के कारण वे उसके ऊपर से दूसरी तरफ जाने के लिए रेल लाइन पार कर रहे थे। इसी दौरान वे अप लाइन से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया। जहां इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई। लालबहादुर खेती करते थे। उनसे तीन पुत्र व एक पुत्री हैं। सभी का शादी हो चुकी है। चुनार थानाध्यक्ष त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई है।