विंध्याचल। त्रिकोण परिक्रमा पर विराजमान काली खोह पहाड़ी पर स्थित महाकाली मंदिर में दर्शन-पूजन करने को लेकर परिसर में तकरार हो गया। इसके बाद मंदिर से करीब 100 मीटर दूरी पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट की इस घटना में एक युवक घायल हो गया। घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। तहरीर मिलने पर पुलिस मामले में जांच में जुटी है।
काली मंदिर में रविवार को रात करीब 10 बजे में आधा दर्जन की अधिक संख्या में लोग सिर पर पगड़ी बांध कर दर्शन-पूजन करने पहुंचे। मंदिर के पुजारी ने पगड़ी का विरोध किया। पुजारी ने कहा कि मां के गर्भ गृह में पगड़ी बांधकर पूजा अर्चना नहीं की जा सकती है। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष में कहासुनी हुई। मौके पर मौजूद पुलिस ने समझाकर शांत करा दिया था। इस बीच जब पुजारी मंदिर का कपाट बंद कर घर लौट रहे थे, उसी बीच रास्ते में मंदिर से करीब 100 मीटर दूर पानी के ट्यूबवेल के पास दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट की इस घटना में नरेंद्र कुमार शुक्ला (30) पुत्र शिव प्रसाद शुक्ला निवासी अकोढ़ी घायल हो गए। लोगों ने उनको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया। मारपीट में धारदार हथियार के प्रयोग की बात कही जा रही है। पुलिस मारपीट के इस मामले की जांच में जुट गई है। सीओ सिटी परमानंद कुशवाहा के अनुसार काली खोह मंदिर में हमेशा की तरह पुजारी दर्शन-पूजन करा रहे थे। तभी एक युवक कुछ साथियों के साथ पगड़ी बांधकर दर्शन करने पहुंचा। जिसका पुजारी ने विरोध किया। पुजारी का कहना था कि गर्भ गृह में पगड़ी बांधकर पूजा अर्चना नहीं की जा सकती है। विवाद होने पर पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया। उसके बाद जब पुजारी घर जाने लगे तो रास्ते में दोनों पक्षों में मारपीट हुई। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।