मिर्जापुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद ने चार खंड शिक्षा अधिकारियों का एक दिन का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया है। साथ ही उन सभी से उन्होंने तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण भी मांगा है। खंड शिक्षा अधिकारी कोन बृजेश कुमार राय, नरायनपुर सुनील कुमार, पहाड़ी विमलेश कुमार त्रिपाठी तथा खंड शिक्षाधिकारी जमालपुर अरुण कुमार सिंह ने सोमवार को व्हाट्सएप के माध्यम से आकस्मिक अवकाश की सूचना दी। विभाग के अधिकारियों को कहना है कि जिले में विधानसभा उप चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। ऐसी स्थिति में मुख्यालय छोड़ने के पूर्व सक्षम अधिकारी से पूर्व में अनुमति लेना आवश्यक है। बताया गया कि विभाग व बीएसए ने अवकाश मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से लेेने के लिए पहले भी कहा है। इसके बावजूद आफलाइन व्हाट्सएप के माध्यम से आवेदन पत्र भेजकर बिना अनुमति के मुख्यालय छोड़ दिया गया।
बीएसए गौतम प्रसाद ने बताया कि चार खंड शिक्षा अधिकारियों का सोमवार का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया गया है। साथ ही उनको तीन दिनों के अंदर स्पष्टीकरण भी देने को कहा गया है।