घंटाघर स्थित माता प्रसाद माता भीख इंटर कालेज के परिसर में यूपी बोर्ड की परीक्षा की कापी जांच करते
- फोटो : MIRZAPUR
मिर्जापुर। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के तीसरे दिन गुरुवार को 18 हजार पांच सौ 86 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। सभी पांचों केंद्रों पर अधिकारियों ने चक्रमण कर मूल्यांकन कार्य का निरीक्षण किया।
मूल्यांकन के दूसरे चरण में विज्ञान व गणित विषयों का मूल्यांकन हो रहा है। अधिकारियों के चेतावनी देने के बाद तीसरे दिन गुरुवार को परीक्षकों की कुछ संख्या बढ़ी लेकिन अधिक नहीं। गुरुवार को चार सौ 78 परीक्षक मूल्यांकन में लगे। बुधवार को यह संख्या चार सौ 28 थी। अभी भी यह संख्या सात सौ 90 में से काफी कम है। जिला विद्यालय निरीक्षक देवकी सिंह ने अनुपस्थित परीक्षकों को नोटिस जारी कर मूल्यांकन में शामिल होने को कहा है। गुरुवार को राजकीय इंटर कालेज में चार हजार आठ सौ एक, कांशीराम राजकीय बालिका इंटर कालेज में तीन हजार चार सौ नौ, बीएलजे इंटर कालेज में दो हजार आठ सौ 86, माता प्रसाद माता भीख इंटर कालेज में एक हजार पांच सौ 75 तथा राजस्थान इंटर कालेज में पांच हजार नौ सौ 14 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया।
जिले के दो मूल्यांकन केंद्रों पर 16 मई से द्वितीय चरण के मूल्यांकन में नए विषयों का मूल्यांकन शुरू होगा। यह जानकारी देते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक देवकी सिंह ने बताया कि बीएलजे इंटर कालेज में इंटरमीडिएट की भूगोल, गणित व नागरिक शास्त्र विषय तथा राजस्थान इंटर कालेज में हाईस्कूल की सामाजिक एवं गृह विज्ञान विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू होगा।