आसमान में सुबह के समय छाए बाद।- संवाद।
बादलों के चलते मौसम का मिजाज बदला है। मंगलवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। बादलों के चलते न्यूनतम तापमान में एक डिग्री बढ़ोतरी दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इससे लोगों को गलन से थोड़ी राहत महसूस हुई। जिले में मंगलवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बादलों के बीच सूरज की झलक जरूर दिखने को मिली। धुंध के चलते धूप बेअसर रही। उधर आसमान में बादलों से किसानों की चिंता बढ़ गई है। अधिकांश किसानों ने फसलों की सिंचाई कर ली है। ग्रामीण कृषि मौसम सेवा भू-भौतिकी विभाग बीएचयू वाराणसी के नोडल अधिकारी प्रो. रवि शंकर सिंह के अनुसार, यदि बारिश हुई तो गेहूं को छोड़कर अन्य फसलों के लिए नुकसान है। तकनीकी अधिकारी (मौसम वैज्ञानिक) शिव मंगल सिंह ने बताया कि मौसम पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बादलों का असर बना हुआ है। लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। बादलों के चलते तापमान में बढ़ोतरी होगी।