बीती रात हुई बारिश से भींगे काटकर खेतों में पड़े गेहूं और सरसों की फसल।- संवाद।
मिर्जापुर। विभिन्न क्षेत्रों में शुक्रवार की रात गरज-चमक के साथ ही हुई बारिश से खेत में फसलें भीग गईं। कुछ क्षेत्रों में तेज हवा से गेहूं का फसल गिर गई। शनिवार को दूसरे दिन आसमान में बादल उमड़ते-घुमड़ते रहे। धूप निकलने पर किसान खेत और खलिहानों में फसलों को उलट-पलट कर सूखाने में जुटे रहे।
जिगना, शुक्रवार रात हवा के साथ हल्की बारिश से फसलों में नमी आने के साथ ही कुछ जगहों पर गेहूं की फसल खेत में गिर गई। शनिवार सुबह धूप निकलने पर किसानों ने राहत की सास ली है। फसलों में नमी होने से कटाई और मड़ाई का कार्य बाधित रहा। पटेहरा, शुक्रवार देर शाम तेज गड़गड़ाहट के साथ हुई बूंदा बांदी से फसलों को नुकसान हुआ है। कटे हुए फसल पानी से भीग गए दूसरे दिन किसान उसे सूखाने में जुटे रहे। अदलहाट में शुक्रवार की रात्रि हल्की बारिश से फसलों में नमी आई है। लेकिन सुबह से तेज धूप निकलने से किसानों ने राहत की सांस ली।