अहरौरा। नगर क्षेत्र में पेयजल की समस्या के निदान के अलावा छठ पूजा तथा दीपावली आदि को देखते हुए साफ-सफाई के प्रबंध पुराना पोखरा के सुंदरीकरण को लेकर सोमवार को नगर पालिका बोर्ड की बैठक हुई। इसमें टीम बनाकर कार्य किए जाने का निर्णय लिया गया।
पालिका सभागार में हुई बैठक में दीपावली तथा छठ पूजा को देखते हुए नगर में बेहतर साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की सदस्यों ने मांग की। इस पर अधिशासी अधिकारी रामदुलार यादव ने टीम बनाकर क्षेत्र का सर्वेक्षण कराने तथा सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि अति प्राचीन पुराना पोखरा के सुंदरीकरण का कार्य कराने के लिए शासन से डेढ़ करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। जल्द ही सुंदरीकरण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। बैठक में विकास से संबंधित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई। बैठक में संजय कुशवाहा, प्रेम केसरी, आनंद कुमार, प्रमोद कुमार मौर्य आदि मौजूद रहे।