राजगढ़। मड़िहान थाना क्षेत्र के मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर सोमवार की दोपहर लूसा गांव के पास अनियंत्रित स्कार्पियो ने सड़क किनारे खड़े वृद्ध को टक्कर मार दी। इससे उनकी मौत हो गई। राजगढ़ पुलिस चौकी क्षेत्र के लूसा गांव निवासी मुनीब गुप्ता (60) अपने गांव के पास मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर खड़े थे। सोनभद्र से मिर्जापुर जा रही तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कार्पियो ने मुनीब गुप्ता को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कार्पियो लेकर चालक भाग गया। हादसे में स्कॉर्पियो का नंबर प्लेट टूट कर गिर पड़ा। टूटे हुए नंबर प्लेट को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। लहूलुहान वृद्ध को स्थानीय लोगों ने राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।