लालगंज। थाना क्षेत्र के उसका गांव निवासी एक व्यक्ति की मंगलवार की रात पुलिया से नीचे गिरने से मौत हो गई। बुधवार की सुबह शव मिलने पर घर में कोहराम मच गया।
लालगंज थाना क्षेत्र के उसका गांव निवासी 50 वर्षीय फूलचंद ओझाई का काम करते थे। वे मंगलवार की रात दुबार कला बाजार से पैदल घर लौट रहे थे। रास्ते में गांव से पहले ही सिकड़ार नाले की पुलिया से नाले के पानी में गिर गए। रात भर वहीं पड़े रहे। इससे उनकी मौत हो गई थी। सुबह राहगीरों ने देखा तो परिजनों को सूचना दी। गांव के चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी। फूलचंद की पत्नी प्रेमा देवी ने तहरीर देकर मौत के कारणों की जांच कराने की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि रात में पुल से नाले में गिरने के कारण फूलचंद की मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चल सकेगा।