मिर्जापुर। जिले के चार केंद्रों पर यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा की कापियों का मूल्यांकन शनिवार से आरंभ हो गया है। रविवार को दूसरे दिन परीक्षकों की संख्या बढ़ा दी गई। हालांकि अब भी पूरे परीक्षक मूल्यांकन केंद्रों तक नहीं पहुंचे। पहले दिन 121 डिप्टी हेड ने 20-20 कापियों को जांचकर केंद्र पर मूल्यांकन कार्य का शुभारंभ किया था।
बीएलजे में दूसरे दिन 4097 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। राजकीय इंटर कालेज में रविवार को 727 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। इसी प्रकार राजस्थान इंटर कालेज में 524 व माता प्रसाद माता भीख इंटर कालेज में मूल्यांकन किया गया। जिले में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में चारों केंद्रों पर लगभग 221728 कापियों का मूल्यांकन होना है। जिले में कापियों के मूल्यांकन के लिए राजकीय इंटर कालेज, एमपीएमबी इंटर कालेज, राजस्थान इंटर कालेज और बीएलजे इंटर कालेज को केंद्र बनाया गया है। इसमें से राजस्थान इंटर कालेज व माता प्रसाद माता भीख इंटर कालेज में हाईस्कूल तथा राजकीय इंटर कालेज व बीएलजे इंटर कालेज में इंटरमीडिएट की कापियों का मूल्यांकन हो रहा है।
डीआईओएस सत्येंद्र कुमार सिंह के अनुसार प्रत्येक केंद्र पर मूल्यांकन करने वाले परीक्षकों की तैनाती भी कर दी गई है। इन केंद्रों पर 121 डिप्टी हेड की तैनाती की गई है। मूल्यांकन के लिए कुल 1090 परीक्षकों की तैनाती की गई है। राजस्थान इंटर कालेज में 35 डीएचई व 321 परीक्षक 53982 कापी तथा श्री माता प्रसाद माता भीख इंटर कालेज में 41 डीएचई व 405 परीक्षक 72000 हाईस्कूल के कापियों का मूल्यांकन करेंगे। वहीं राजकीय इंटर कालेज में 13 डीएचई व 79 परीक्षक 30212 कापी तथा बीएलजे इंटर कालेज में 32 डीएचई व 261 परीक्षक 59931 इंटरमीडिएट के कापियों का मूल्यांकन करेंगे। पहले दिन कुछ कम परीक्षक पहुंचे।