राजगढ़। रजिस्ट्रेशन कराए बगैर क्षेत्र में कई निजी अस्पताल संचालित हो रहे हैं। इसकी शिकायत मिलने पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दो निजी अस्पतालों की जांच की। इस दौरान कमियां मिलने पर विभाग की तरफ से नोटिस जारी कर संबंधित अस्पताल संचालकों को तीन दिन में जरूरी दस्तावेज सहित सीएमओ कार्यालय में उपस्थित होने निर्देश दिया गया है।
क्षेत्र में बिना रजिस्ट्रेशन के कई निजी अस्पताल संचालित हो रहे हैं। इसकी शिकायत क्षेत्र के कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। जिसका संज्ञान लेते हुए मंगलवार को सीएमओ के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में दो सदस्यीय टीम ने मंगलवार को क्षेत्र में संचालित दो निजी चिकित्सालयों में जांच की। जांच अधिकारी ने अपना नाम नहीं बताया। जांच अधिकारी का कहना था कि जांच के दौरान बिना रजिस्ट्रेशन के अस्पताल संचालित होते मिला। अस्पताल में कई मरीज भी भर्ती पाए गए। अस्पताल में गंदगी मिली। दूसरे अस्पताल में भी मरीज भर्ती मिले तथा अस्पताल में कोई सक्षम डिग्री धारक डॉक्टर नहीं दिखा। जांच में दोनों अस्पताल सरकारी मानकों पर खरे नहीं पाए गए। दोनों अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर आवश्यक दस्तावेज के साथ सीएमओ कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।